PM Relief Fund Donation: कोरोना वायरस से लड़ने के लिए आप भी दे सकते हैं दान

PM-Cares Fund: पूरी दुनिया में कोरोना की महामारी से मचे कोहराम के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष के गठन की घोषणा की. इस कोष में लोग कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार की लड़ाई में मदद एवं योगदान दे सकते हैं. आइए जानते हैं, क्या है इस कोष में दान करने की प्रक्रिया?
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, 'प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष स्वस्थ भारत बनाने में काफी सहायक होगा. कोविड-19 के खिलाफ भारत के युद्ध में सभी वर्गों से लोगों ने दान देने की इच्छा व्यक्त की थी.' प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कोष का गठन इसी भावना को ध्यान में रखते हुए किया गया है. प्रधानमंत्री इस ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और इसके सदस्यों में रक्षा मंत्री, गृह मंत्री एवं वित्त मंत्री शामिल हैं.

कोरोना वायरस की महामारी ने दुनिया के करीब 200 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है. ‘कोविड-19’ की वजह से करोड़ों लोगों की स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौतियां उत्पन्न हो गई हैं. भारत भी इस महामारी से लड़ रहा है. इस आपातकाल के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष के गठन की घोषणा की जहां लोग कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार की लड़ाई में मदद एवं योगदान दे सकते हैं.
प्रधानमंत्री के इस ऐलान के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने डोनेशन दिया है. टाटा संस और टाटा ट्रस्ट ने शनिवार को कोविड-19 से लड़ाई के लिए संयुक्त रूप से 1,500 करोड़ रुपये की घोषणा की. वहीं, पेटीएम ने ‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष’ (पीएम केयर्स) में 500 करोड़ रुपए का योगदान देने की घोषणा की
रेल मंत्रालय देगा 151 करोड़
कोरोना वायरस के खतरे से निपटने में मदद के लिए रेल मंत्रालय 'प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष' (पीएम केयर्स फंड) को 151 करोड़ रुपये दान करेगा. फिल्म स्टूडियो टी-सीरीज़ के प्रमुख कुमार ने पीएम-केयर्स कोष में 11 करोड़ रुपये दान करने की बात कही है.
अक्षय कुमार की तरफ से 25 करोड़ की घोषणा
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने 'प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष' (पीएम केयर्स) में 25 करोड़ रुपये देने की बात कही थी. बीसीसीआई ने शनिवार को कोविड-19 महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 51 करोड़ रुपये दान में दिए.

सीबीआई कर्मचारी भी आए आगे
देश की प्रमुख जांच एजेंसी सीबीआई के अधिकारियों ने नवगठित प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत (पीएम-केयर्स) कोष में एक दिन का वेतन दान देने का फैसला किया. सीबीआई में करीब 6,000 अधिकारी हैं.
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने रविवार को कहा कि वह कोविड-19 महामारी के खिलाफ देश की लड़ाई के लिए 50-50 लाख रुपये केंद्र सरकार और राज्य सरकार को दान में देगा.
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने शनिवार को प्रधानमंत्री कोष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री राहत कोष में 52 लाख रुपये दान में दिए. सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को इस महामारी से लड़ने के लिए 50 लाख रुपये दिए.
0 Comments